शिक्षा ही सफलता की कुंजी, कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे : पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत, पाठ्यपुस्तक, गणवेश, अध्ययन सामग्री और साइकिल का वितरण, उत्कृष्ट शिक्षकों एवं नवसाक्षरता अभियान के स्वयंसेवकों का सम्मान।
सरगुजा ACGN: सरगुजा जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय की घंटी बजाकर नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर विद्यालय में प्रवेश दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही सफलता का मूल मंत्र है और यही व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, आत्मविश्वास तथा समृद्धि का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक बच्चा नियमित रूप से विद्यालय पहुंचे, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपने सपनों को साकार करे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अभिभावकों से बेटा-बेटी दोनों को समान अवसर देकर नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। वहीं गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के मन से विद्यालय का भय दूर करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि भवनविहीन विद्यालयों के लिए नए भवन स्वीकृत किए गए हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों का उच्च कक्षाओं में प्रवेश सुनिश्चित किया गया है तथा मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को रायपुर के निजी कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

इस अवसर पर कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग तथा अन्य अध्ययन सामग्री वितरित की गई। शासन की साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 21 छात्राओं को साइकिल भी प्रदान की गई। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ऐसी योजनाएं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी शिक्षा को नई गति देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा दूत पुरस्कार 2025-26 प्राप्त करने वाले 21 शिक्षकों तथा ज्ञान दीप पुरस्कार 2025-26 प्राप्त करने वाले 3 शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया। वहीं उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया तथा उपस्थित सभी लोगों ने साक्षरता की शपथ लेकर समाज में शिक्षा के प्रसार का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि शासन, प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक और समाज के सामूहिक प्रयास से ही समृद्ध, शिक्षित और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


