बाढ़ से जूझते इलाकों में नगर सेना का पराक्रम, सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाल बचाई जान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता : अरविन्द तिवारी
जांजगीर-चांपा ACGN :- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जलमग्न गांवों और संपर्कविहीन क्षेत्रों में नगर सेना (डीडीआरएफ) की बचाव टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। टीम ने अब तक विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है।

जानकारी के अनुसार अकलतरा क्षेत्र के आरसमेटा, कोटमीसोनार, मुलमुला, कुटीघाट, कोनारगढ़, जांजगीर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के टोल नाका क्षेत्र, शिवरीनारायण के रिंगनी नाला, बिलारी, कचंदा तथा कंजी नाला में जलभराव और तेज बहाव के कारण हालात गंभीर हो गए थे। प्रशासन के निर्देश पर नगर सेना की बचाव टीम आवश्यक उपकरणों और नावों के साथ मौके पर तैनात की गई।

जिला सेनानी सुश्री योग्यता साहू ने स्वयं रिंगनी, बिलारी, कोटमीसोनार, आरसमेटा और सिल्ली बांधा सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बचाव कार्य का जायजा लिया तथा जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए डीडीआरएफ की सभी टीमें हाई अलर्ट पर हैं और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं।
तेज बारिश और उफनते नदी-नालों के कारण कई मार्ग पूरी तरह बंद हो गए थे। ऐसे में डीडीआरएफ के गोताखोरों और नगर सेना के जवानों ने रस्सियों एवं नावों की सहायता से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
जिला सेनानी सुश्री योग्यता साहू ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलमग्न क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि बारिश थमने तक राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।
राहत एवं बचाव कार्य में हवलदार विश्वंभर राठौर, नायक शिवकुमार साहू, सैनिक बृजेश पटेल, अशोक कुमार सिदार, कृष्ण कुमार साहू, राधेश्याम, अनिल दिनकर, मुकेश रात्रे, लोकेश राठौर, प्रेमचंद रत्नाकर, धन्नू यादव, दिलीप राठौर, संजय पटेल, महावीर चौबे, अतुल पांडेय, दिलदार सिंह, रविशंकर चंदेल सहित नगर सेना के अन्य जवान सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


