अवैध कब्जा हटाने के नोटिस से भड़का आरोपी, फावड़े से किया जानलेवा हमला; नवागढ़ पुलिस ने भेजा जेल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता : अरविन्द तिवारी
जांजगीर-चांपा ACGN :- पंचायत द्वारा सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने का नोटिस मिलने से नाराज एक व्यक्ति ने सरपंच पति पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय ने बताया कि प्रार्थी राजन पात्रे, निवासी किरीत, थाना नवागढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को वह पंचायत सचिव के साथ किरनेश चॉइस सेंटर में तालाब ठेका संबंधी निविदा सूचना जारी कराने गया था। इसी दौरान गांव का संतोष साहू वहां पहुंच गया। आरोपी ने गांव के गोठान के पास सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिसे हटाने के लिए पंचायत द्वारा उसे तीन बार नोटिस जारी किया जा चुका था।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा, “तुम मेरा जमीन खाली कराओगे, उससे पहले तुम्हें जान से मारकर उसी जमीन में गाड़ दूंगा।” इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे फावड़े से प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रार्थी को उसके साथियों ने तत्काल राछाभांठा अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना पर थाना नवागढ़ में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी :
संतोष साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम किरीत, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


