महिला साक्षरता की अलख जगा रहीं व्याख्याता शांति सोनी, अशिक्षित महिलाओं को बना रहीं आत्मनिर्भर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
विद्यालय समय के बाद विद्यार्थियों के साथ गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं को पढ़ना-लिखना सिखाने की प्रेरणादायी पहल, साक्षरता महापरीक्षा में भी दिलाई भागीदारी
बिलासपुर ACGN :- शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज में जागरूकता और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बनती है। इसी सोच को साकार करते हुए बिलासपुर जिले के विकासखंड बिल्हा अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद की व्याख्याता श्रीमती शांति सोनी महिला साक्षरता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उनका यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र की अशिक्षित महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।


श्रीमती शांति सोनी ने विद्यालयीन दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए विद्यालय समय के उपरांत अपने विद्यार्थियों के सहयोग से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर अशिक्षित महिलाओं का सर्वेक्षण किया। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और नियमित रूप से पढ़ना-लिखना सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया।


इस अभियान के माध्यम से अनेक महिलाओं ने पहली बार अपना नाम लिखना, आवश्यक दस्तावेज पढ़ना, बैंक एवं शासकीय योजनाओं से जुड़ी जानकारी समझना तथा दैनिक जीवन के कार्यों को स्वयं करने का आत्मविश्वास प्राप्त किया। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने से महिलाओं में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का भी उल्लेखनीय विकास हुआ।


महिला साक्षरता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए श्रीमती शांति सोनी ने विभाग द्वारा आयोजित 22 मार्च की साक्षरता महापरीक्षा में भी इन महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। परीक्षा में शामिल होकर महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सीख का प्रदर्शन किया। उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और सफलता की मुस्कान इस अभियान की सार्थकता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।


ग्रामीण समाज में शिक्षा, समानता और महिला सम्मान की भावना को मजबूत करने वाला यह अभियान सामाजिक परिवर्तन का प्रेरक उदाहरण बन गया है। स्थानीय नागरिकों, शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्रीमती शांति सोनी के इस समर्पित प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का अनुकरणीय मॉडल बताया है।

महिला साक्षरता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सशक्त रूप से स्थापित कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


