बैगलेस डे पर विद्यार्थियों को दिया गया साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण, डिजिटल ठगी से बचाव की दी जानकारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद में व्याख्याता शांति सोनी की पहल, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए
बिलासपुर ACGN:- विकासखंड बिल्हा अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए साइबर सेफ्टी एवं साइबर सिक्योरिटी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन विद्यालय की व्याख्याता श्रीमती शांति सोनी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि आज के डिजिटल युग में इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग जितना उपयोगी है, उतना ही सावधानीपूर्वक करना भी आवश्यक है। उन्हें व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना पासवर्ड, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, आधार संख्या अथवा निजी फोटो और दस्तावेज साझा नहीं करने चाहिए।
श्रीमती शांति सोनी ने साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग के दुष्प्रभाव, फिशिंग, डिजिटल बुलिंग, पहचान की चोरी तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को सरल भाषा में जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड बनाने, दो-स्तरीय सुरक्षा (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध संदेश, कॉल या लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कभी साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी का सामना करना पड़े तो घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। समय पर शिकायत करने से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने डिजिटल सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सुरक्षित, जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


