‘3S संकल्प’ से संवरेगा छत्तीसगढ़ पर्यटन : सेफ्टी, स्वच्छता और संस्कार से बनेगा जिम्मेदार पर्यटन का नया मॉडल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का आह्वान, 3S संकल्प को जनआंदोलन बनाकर छत्तीसगढ़ को देश का आदर्श पर्यटन राज्य बनाने की पहल
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक आस्था और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने ‘3S संकल्प’ को जन-जागरूकता अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया है। यह संकल्प सेफ्टी (सुरक्षा), स्वच्छता और संस्कार पर आधारित है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों को सुरक्षित, स्वच्छ और संस्कारित बनाना है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, जिम्मेदारी और जनभागीदारी का उत्सव है। छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान केवल इसकी प्राकृतिक सुंदरता नहीं, बल्कि यहां आने वाले प्रत्येक पर्यटक का अनुभव भी है। यदि पर्यटक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें, पर्यटन स्थल स्वच्छ रहें और स्थानीय लोग अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से उनका आत्मीय स्वागत करें, तो छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने बताया कि चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, सिरपुर, डोंगरगढ़, भोरमदेव, बारनवापारा सहित प्रदेश के अनेक पर्यटन स्थलों पर प्रतिवर्ष हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पर्यटकों से अपील की कि चेतावनी बोर्डों का पालन करें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा जोखिम भरी सेल्फी लेने से बचें। सुरक्षित पर्यटन ही सफल पर्यटन की पहचान है।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक, कचरा और गंदगी प्राकृतिक सौंदर्य को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए 3S संकल्प का दूसरा आधार स्वच्छता है। प्रत्येक पर्यटक का यह दायित्व है कि वह जिस स्थान की सुंदरता देखने आया है, उसकी स्वच्छता बनाए रखने में भी अपनी भागीदारी निभाए। कचरा निर्धारित स्थान पर डालना तथा एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से बचना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति “अतिथि देवो भवः” की भावना पर आधारित है। यहां की लोक कला, धार्मिक परंपराएं, जनजातीय संस्कृति और सामाजिक संस्कार प्रदेश की विशेष पहचान हैं। 3S संकल्प का तीसरा आधार संस्कार है, जिसके माध्यम से पर्यटकों के प्रति सम्मान, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जाएगा।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, होटल उद्योग, हस्तशिल्प, लोक कला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना भी है। पर्यटन का विस्तार होने से स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 3S संकल्प को केवल सरकारी अभियान न मानें, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दें। प्रत्येक नागरिक यदि सुरक्षा, स्वच्छता और संस्कार को अपने जीवन का हिस्सा बनाए, तो छत्तीसगढ़ देश के सबसे आकर्षक, सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन राज्यों में शामिल हो सकता है।
अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि “छत्तीसगढ़ का मानसून और हमारा 3S संकल्प केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत और जिम्मेदार पर्यटन की नई सोच है। सेफ्टी, स्वच्छता और संस्कार के इस संदेश के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटकों का सुरक्षित, स्वच्छ और यादगार अनुभव के साथ स्वागत करेगा।”
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


