गार्ड से लूट और चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नकदी बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना के चंद घंटों में तीनों आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल, चाकू और अन्य साक्ष्य जब्त
रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ पुलिस ने लूट और हिंसक अपराधों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से मोबाइल लूटकर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू, सिम कार्ड तथा बैंक खाते से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र निवासी तथा वर्तमान में सूर्योदय प्लांट कॉलोनी में रहने वाले सुरक्षा गार्ड कुबेर कुमार यादव (25) ने 14 जुलाई 2026 को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 13 जुलाई की शाम वह कंपनी से ग्राम तुमीडीह बाजार जाने के लिए पैदल निकला था। कंपनी के मुख्य द्वार से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल, पर्स तथा रुपये की मांग की।
विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने कथित रूप से चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका वीवो टी-3 मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि बाद में उसके मोबाइल के माध्यम से फोन-पे से 30 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर लिए गए।
शिकायत मिलते ही थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वेज्रौन कंपनी, चिराईपानी क्षेत्र के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और पहचान परेड के दौरान तीनों ने कथित रूप से अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वहीं आरोपी जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक सिम कार्ड तथा फोन-पे के माध्यम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने से संबंधित बैंक खाते के साक्ष्य जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह (33 वर्ष), जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू (21 वर्ष) तथा अनिकेत धनवार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप सिंह पूर्व में ट्रेलर वाहन चोरी के मामले में भी आरोपी रह चुका है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांत बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव एवं उनकी टीम ने अंजाम दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट और हिंसक अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की त्वरित एवं कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


