‘चेतना यातायात मितान’ पहल से सड़क सुरक्षा को मिलेगा जनसहयोग, 120 स्वयंसेवकों को मिली जिम्मेदारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में शुरू की नई पहल, डीआईजी-एसएसपी ने वितरित की मितान किट
बिलासपुर ACGN:- सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से मजबूत बनाने की दिशा में बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक नई पहल करते हुए जिले के 120 नागरिकों को “चेतना यातायात मितान” के रूप में चयनित किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में चयनित यातायात मितानों को सड़क सुरक्षा मितान किट, टी-शर्ट और कैप प्रदान किए गए।

यातायात पुलिस द्वारा आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में यातायात नियमों, सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता, गोल्डन ऑवर में प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया तथा हिट एंड रन मामलों में उपलब्ध क्षतिपूर्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दुर्घटना के समय प्रभावी सहयोग के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, राष्ट्रीय छात्र सेना, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा स्काउट-गाइड के कार्यक्रम अधिकारियों को भी मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। ये प्रशिक्षित शिक्षक एवं अधिकारी आगे विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान आई-रेड एवं ई-डार प्रणाली, राहगीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना तथा एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली सहित सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। साथ ही दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनके आंकड़ों के वैज्ञानिक संकलन की प्रक्रिया भी समझाई गई।

यातायात पुलिस का कहना है कि “चेतना यातायात मितान” सड़क सुरक्षा अभियान में पुलिस के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे निर्धारित ड्रेस कोड में संवेदनशील मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने, दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने तथा आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे, डीएसपी श्री शिवचरण परिहार, आरआई श्री भूपेंद्र गुप्ता, आईटीएमएस विशेषज्ञ, एनआईसी के अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, शिक्षक, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस के प्रतिनिधि, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य, लायंस क्लब के पदाधिकारी सहित 300 से अधिक यातायात मितान एवं नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































