वायरल वीडियो से बेनकाब हुई सरेराह गुंडागर्दी, युवती से मारपीट करने वाली महिला गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का एसएसपी ने लिया तत्काल संज्ञान, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग बालिकाओं पर भी वैधानिक कार्रवाई।
रायगढ़ ACGN:- सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण कर घटना स्थल की पहचान मेरीन ड्राइव रोड के रूप में की। क्षेत्र में पूछताछ के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी। जांच में दोनों नाबालिग बालिकाएं निकलीं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।

पीड़िता ने थाना कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में कार्य करती है। 30 जून 2026 की शाम वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही थी। इसी दौरान मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। विरोध करने पर उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की। शोर सुनकर राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने बीच-बचाव किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने केवल इस गलतफहमी में हमला किया कि वह उन्हें देखकर हंस रही थी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी (38 वर्ष) निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना में शामिल दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध भी विधि अनुसार कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल एवं पुलिस टीम की तत्परता से मुख्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “रायगढ़ जिले में कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने या किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सोशल मीडिया पर सामने आने वाली ऐसी घटनाओं पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। आमजन कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना दें।”
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


