शाला प्रवेश उत्सव में गूंजा शिक्षा का उत्साह, मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवप्रवेशी बच्चों का किया आत्मीय स्वागत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय उदयपुर में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों को मिठाई खिलाकर किया स्वागत, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
सरगुजा ACGN:- सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शनिवार को विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुभ शुरुआत कराई तथा अध्ययन सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त, आत्मनिर्भर और संस्कारित समाज के निर्माण की मजबूत नींव है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को विकसित कर अपने सपनों को साकार कर सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


