डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ₹1.04 करोड़ की साइबर ठगी, गिरोह के 2 और आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रेंज साइबर थाना बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई, अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।
बिलासपुर ACGN:- डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ₹1 करोड़ 4 लाख 80 हजार की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शांतिनगर, मंगला चौक निवासी 82 वर्षीय महिला के मोबाइल पर अज्ञात साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप संदेश एवं वीडियो कॉल किया। आरोपियों ने स्वयं को केंद्रीय जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर महिला को यह कहकर भयभीत किया कि उनका नाम एक आतंकी संगठन से जुड़ा है तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जा सकता है।
साइबर ठगों ने महिला को लगभग 2 घंटे 16 मिनट तक कथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर मानसिक दबाव बनाया और अलग-अलग बैंक खातों में कई किश्तों में ₹1,04,80,000 स्थानांतरित करा लिए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने बैंकिंग ट्रेल, तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रमाणों के आधार पर विस्तृत विवेचना की। पूर्व में छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान मिले नए साक्ष्यों के आधार पर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
राहुल प्रकाश कामडी (38 वर्ष), निवासी ताजेश्वर नगर, हुडकेश्वर नाका, नागपुर, महाराष्ट्र।
गौरव रमाकांत मिश्रा (27 वर्ष), निवासी वसंत नगर, अंजनी, नागपुर, महाराष्ट्र।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी सरकारी एजेंसी, पुलिस, सीबीआई, ईडी, एनसीबी अथवा न्यायालय फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती। यदि कोई व्यक्ति सरकारी अधिकारी बनकर गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग, आतंकवाद या अन्य मामलों का भय दिखाकर धनराशि मांगता है, तो वह साइबर ठगी है।
ऐसी स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पर रिपोर्ट दर्ज कर निकटतम पुलिस या साइबर थाना से संपर्क करें।
यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह तथा नोडल अधिकारी आईपीएस श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में रेंज साइबर थाना बिलासपुर के निरीक्षक कामिल हक, प्रभारी प्रसाद सिन्हा एवं थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


