ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बचाई उम्मीद की डोर, बिलासपुर यातायात पुलिस ने गंभीर मरीज को समय पर एयरपोर्ट पहुंचाया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मूसलाधार बारिश के बीच सिग्नल बंद कर बनाया ग्रीन कॉरिडोर, एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा गया गंभीर मरीज
बिलासपुर ACGN:- मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित पुलिस व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने गंभीर रूप से बीमार एक मरीज को एयर एंबुलेंस तक समय पर पहुंचाने के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह पूरी व्यवस्था की गई।
54 वर्षीय मरीज की गंभीर एवं नाजुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उसे चकरभाठा एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के माध्यम से हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल, सोमाजीगुड़ा भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया (बाइलेटरल निमोनिया), एच1एन1 संक्रमण, श्वसन विफलता तथा उच्च रक्तचाप से पीड़ित है और उसे नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन (एनआईवी) सपोर्ट पर रखा गया है।
मरीज को अस्पताल से एयरपोर्ट तक बिना किसी यातायात बाधा के पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस ने पूरे मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर घोषित किया। कंट्रोल रूम से मार्ग में पड़ने वाले सभी ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद किया गया, जबकि प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों को तैनात कर यातायात को नियंत्रित किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार डटे रहे और एंबुलेंस को बिना किसी रुकावट के एयरपोर्ट तक पहुंचाया।
यातायात पुलिस की इस संवेदनशील पहल में शहरवासियों ने भी सराहनीय सहयोग दिया। सायरन और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की आवाज सुनते ही वाहन चालकों ने स्वेच्छा से अपने वाहन किनारे कर एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए रास्ता दिया। इस सहयोग से एंबुलेंस निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच सकी, जहां से मरीज को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद रवाना किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी दो जुड़वा नवजात शिशुओं को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा गया था, जहां उपचार के बाद दोनों शिशु एवं उनकी माता स्वस्थ होकर लौटे थे।
मरीज के परिजनों, एयरपोर्ट पर मौजूद नागरिकों और हितचिंतकों ने बिलासपुर यातायात पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस बल का आभार व्यक्त किया। यातायात पुलिस ने मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए नागरिकों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


