चेतना अभियान के तहत जनजागरूकता पर आधारित तीन लघु फिल्मों का विमोचन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
लिव-इन रिलेशनशिप, यातायात सुरक्षा और साइबर अपराधों पर युवाओं को जागरूक करने का संदेश, कलाकारों एवं तकनीकी टीम का हुआ सम्मान
बिलासपुर ACGN :- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित “चेतना अभियान” के अंतर्गत जनजागरूकता आधारित तीन महत्वपूर्ण लघु फिल्मों का भव्य विमोचन पुलिस ग्राउंड स्थित चेतना भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को समसामयिक सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर लिव-इन रिलेशनशिप, यातायात जागरूकता एवं साइबर अपराध जागरूकता विषयों पर आधारित तीन लघु फिल्मों का लोकार्पण किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों तक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।

लिव-इन रिलेशनशिप पर आधारित फिल्म में युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया गया कि किसी भी रिश्ते में प्रवेश करने से पहले उसके सामाजिक, कानूनी एवं भावनात्मक पहलुओं को गंभीरता से समझना आवश्यक है। फिल्म में बताया गया कि बिना पर्याप्त समझ और जिम्मेदारी के लिए गए निर्णय भविष्य में अनेक कठिनाइयों का कारण बन सकते हैं।

यातायात जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म में सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा स्टंटबाजी जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों से दूर रहने का संदेश दिया गया। फिल्म के माध्यम से यह बताया गया कि तेज गति, लापरवाही और स्टंट करना केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। सुरक्षित यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

साइबर अपराध जागरूकता पर आधारित फिल्म में स्कूली विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा डिजिटल अपराधों से बचाव के उपायों को प्रस्तुत किया। फिल्म में नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें तथा साइबर सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही वर्षों की मेहनत की कमाई को पलभर में नुकसान पहुंचा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान इन लघु फिल्मों के निर्माण से जुड़े कलाकारों एवं तकनीकी टीम का बिलासपुर पुलिस द्वारा सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में फिल्म निर्देशक डॉ. राहुल पारीक, असिस्टेंट डायरेक्टर आकांक्षा सिंह राठौड़, किशन यादव, श्रावणी नायडू, अशोक उपाध्याय, शत्रुघ्न जसवानी तथा मेकअप आर्टिस्ट दीपांशी घोष प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह (आईपीएस) रहे। इस अवसर पर डॉ. विनोद तिवारी, लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अंकुल ठकराल, जेके कॉलेज के सचिव डॉ. इरशाद खान, डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त उप निरीक्षक उमाशंकर पांडेय ने किया।

कार्यक्रम के समापन पर बिलासपुर पुलिस ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और नागरिकों को जागरूक बनाने में जनजागरूकता आधारित लघु फिल्मों की महत्वपूर्ण भूमिका है। “चेतना अभियान” के अंतर्गत भविष्य में भी नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता तथा अन्य सामाजिक विषयों पर इसी प्रकार के रचनात्मक और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल,अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


