सहकारिता सप्ताह 2026: जवाली समिति में किसान जागरूकता, वृक्षारोपण और डिजिटल बैंकिंग को मिला बढ़ावा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
किसानों को डीएसआर तकनीक, वैकल्पिक फसलों, किसान क्रेडिट कार्ड और शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी, 5 जुलाई को भैंसमा समिति में होगा जिला स्तरीय समापन
कोरबा ACGN:- केंद्र सरकार के सहकारिता प्रकोष्ठ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 5 जुलाई 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में सहकारिता सप्ताह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को प्रत्येक गांव, प्रत्येक किसान और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में कोरबा जिले की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जवाली क्रमांक 3054 में सप्ताहभर किसान हितैषी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नोडल अधिकारी मीनाक्षी ठाकुर, समिति प्रबंधक सुखदेव प्रसाद साहू तथा समिति के कर्मचारियों की उपस्थिति में कृषक संवाद, शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, किसान पंजीयन, तकनीकी मार्गदर्शन, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसानों को धान के साथ-साथ अरहर, उड़द, मूंग, तिल सहित अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अल्प वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) तकनीक, जल संरक्षण तथा फसल विविधीकरण की जानकारी दी गई, ताकि कम वर्षा की स्थिति में भी उत्पादन प्रभावित न हो और किसानों की आय सुरक्षित रहे। साथ ही कृषि एवं सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा वित्तीय सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रूपे केसीसी कार्ड वितरित किए गए। मॉडल पैक्स (PACS) के अंतर्गत संचालित माइक्रो एटीएम एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देकर नगदरहित लेनदेन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत समिति परिसर में आम, जामुन, नीम, बबूल तथा अन्य छायादार एवं फलदार पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाने का संकल्प भी लिया गया।
सहकारिता सप्ताह का जिला स्तरीय समापन समारोह 5 जुलाई 2026 को शासन के निर्देशानुसार भैंसमा समिति में आयोजित किया जाएगा। समारोह में जिले की सभी समितियों के सक्रिय कृषक, प्राधिकृत अधिकारी, समिति कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। इस अवसर पर सहकारिता आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने, किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हमारी टीम का हिस्सा बने और अपने क्षेत्र के समाचार और विज्ञापन प्रसारित करने हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


