लगातार जघन्य वारदातों से दहला कोरबा, कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला; मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647981711, 9303948009
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख जिले में बढ़ते अपराधों, महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए, शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
कोरबा ACGN:- कोरबा जिले में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट, जानलेवा हमले और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा कराने तथा शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मुकेश राठौर ने अपने पत्र में कहा कि जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और आम नागरिक भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रहे हैं, जिसके कारण हत्या, लूट, जानलेवा हमला और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।
पत्र में उन्होंने कई चर्चित मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों की कोयला खदानों में भी अपराधियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है। सरायपाली कोयला खदान में गुटीय संघर्ष के दौरान गोली मारकर हत्या, सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर डीजल और कबाड़ लूटने की घटनाएं तथा कुछ मामलों में पुलिस कर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने से कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध केवल खदान क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। कटघोरा के घुचापुर में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या, रजगामार में महिला की निर्मम हत्या, सीतामढ़ी मोतीसागर पारा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पवन टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग के पास सिर कुचलकर हत्या, सिल्वर सेंटर के संचालक की घर में घुसकर हत्या तथा स्क्रैप व्यापारी अशरफ समेत कई लोगों की हत्याओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। चैतमा में युवक की हत्या कर शव के कई टुकड़े किए जाने की घटना का भी उन्होंने उल्लेख किया।
महिला सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए मुकेश राठौर ने कहा कि बालको क्षेत्र में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म तथा पंप हाउस क्षेत्र में युवती पर चाकू से हमला जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में ज्वेलरी दुकान में कट्टा लेकर घुसे बदमाशों की घटना ने यह साबित कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का भय लगभग समाप्त हो चुका है। यदि दुकान संचालक साहस नहीं दिखाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नवपदस्थ कोतवाली थाना प्रभारी का कुछ ही घंटों में राजनीतिक दबाव में तबादला किया जाना पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, जिले की कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
हमारी टीम का हिस्सा बने और अपने क्षेत्र के समाचार और विज्ञापन प्रसारित करने हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


