डिजिटल दुनिया से विश्व पटल तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का पर्यटन : मंत्री राजेश अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से संवाद, पर्यटन, संस्कृति और स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का किया आह्वान
सरगुजा/लखनपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे डिजिटल क्रिएटर्स एवं सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से आत्मीय संवाद किया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम किसी भी क्षेत्र की पहचान को विश्व स्तर तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति, पर्यटन और समाज को नई दिशा देने वाला सशक्त मंच है। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक स्थल और जनजातीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर और चंद्रखुरी जैसे अनेक पर्यटन स्थल हैं, जिनकी पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत की जा सकती है। डिजिटल क्रिएटर्स इन स्थलों की सुंदरता और विशेषताओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर पर्यटन को बढ़ावा देने में सहयोग कर सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला और आर्थिक विकास के अवसर मिलते हैं। पर्यटन स्थलों का विकास स्थानीय समुदायों की भागीदारी से ही अधिक प्रभावी हो सकता है।
उन्होंने स्वच्छता को सफल पर्यटन की आधारशिला बताते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल ही पर्यटकों के मन में स्थायी छाप छोड़ते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से अपने माध्यमों के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की।
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने आगामी 29 एवं 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव के प्रचार-प्रसार का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ केवल सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर है। यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को डिजिटल माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं, सड़क, सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था विकसित हो, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को रोजगार और विकास का माध्यम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स उपस्थित रहे। सभी ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, संस्कृति और स्वच्छता अभियान को डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का संकल्प लिया।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत को डिजिटल दुनिया के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


