जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर त्वरित पहल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
149 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर
कोरबा ACGN:- जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें शिक्षा, रोजगार, मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मामले शामिल रहे।

जनदर्शन के दौरान ग्राम नवागांव कटघोरा निवासी महेश्वर नाथ सहिस ने अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण को लेकर सहायता की मांग रखी। उन्होंने बताया कि पत्नी के निधन और दुर्घटना में पैर टूट जाने के कारण वह आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसी स्थिति में कक्षा छठवीं और तीसरी में पढ़ रहे अपने बच्चों की पढ़ाई और देखभाल करना उनके लिए कठिन हो गया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तत्काल सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं जिला शिक्षा अधिकारी को बच्चों की शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सीट उपलब्ध होने पर बच्ची का प्रवेश कराने की प्रक्रिया पूरी करने कहा। साथ ही समाज कल्याण विभाग को परिवार को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में हरदीबाजार निवासी विष्णु कुमार यादव ने किसानों से जुड़ी समस्या रखते हुए बताया कि सुपेतपारा, रेंकी और अण्डीकछार क्षेत्र में संचालित पेट्रोल पंप पर खरीफ सीजन के दौरान किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालन में अन्य अनियमितताओं की शिकायत भी की।
कलेक्टर ने किसानों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान पुरानी बस्ती रानी रोड निवासी सुप्रिया मतवानी ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपनी पुत्री के लिए स्कूल ड्रेस, कॉपी-किताब और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री इम्प्रेसिव मॉन्टेसरी प्ले स्कूल में केजी-1 में अध्ययन करेगी, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण जरूरी सामग्री जुटाना मुश्किल हो रहा है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बच्ची के लिए स्कूल गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, स्कूल बैग और जूते सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की इस पहल पर परिवार ने जिला प्रशासन का आभार जताया।
जनदर्शन में सीमांकन, मुआवजा भुगतान, रोजगार, दिव्यांगजन सहायता, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, कृषक पंजीयन, वनाधिकार पट्टा, नक्शा सुधार और पेयजल व्यवस्था सहित कई आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर समय सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद का माध्यम है और लोगों की समस्याओं का संवेदनशील समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


