म्यूल अकाउंट से ऑनलाइन जुआ-सट्टा नेटवर्क चलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अरविंद तिवारी
गरीब लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर करते थे अवैध लेन-देन, एसीसीयू और खुर्सीपार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग ACGN:- जिले में जुआ, सट्टा, साइबर अपराध और अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू टीम एवं थाना खुर्सीपार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन जुआ-सट्टा नेटवर्क संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खुर्सीपार क्षेत्र के आईटीआई खेल मैदान के पास कुछ युवक लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जुआ-सट्टा का संचालन कर रहे हैं। उनके पास बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, सिम कार्ड, बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए “अन्ना रेड्डी” बेटिंग एप्लीकेशन का उपयोग करते थे। आईपीएल सीजन के दौरान इनके द्वारा झारखंड के रांची से भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित किए जाने की जानकारी मिली है।
आरोपियों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इसके बाद उन खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम अपने कब्जे में लेकर ऑनलाइन सट्टे की रकम के लेन-देन में उपयोग किया जाता था। ऐसे खातों को साइबर अपराध की भाषा में म्यूल अकाउंट कहा जाता है।
इस मामले में थाना खुर्सीपार में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3), 318(4), 319 तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय मिश्रा उम्र 23 वर्ष निवासी सेक्टर-01 भिलाई, दीपक कुमार उम्र 32 वर्ष निवासी नालंदा बिहार और करण कुमार सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी खुर्सीपार भिलाई शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 81 एटीएम कार्ड और 5 चेकबुक सहित लगभग ढाई लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि इनका उपयोग साइबर अपराध और अवैध गतिविधियों में किया जा सकता है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें 7647981711, 9303 948 009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


