मन की बात में गूंजा छत्तीसगढ़ का गौरव, अनिमेष कुजूर और मल्हार की धरोहर को मिला राष्ट्रीय सम्मान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में किया जशपुर के युवा धावक अनिमेष कुजूर और मल्हार की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण
रायपुर ACGN:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” की 134वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर विशेष स्थान मिलने से पूरे प्रदेश में गौरव और उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आमजनों के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया और इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक क्षण बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब देश का सर्वोच्च नेतृत्व किसी राज्य की उपलब्धियों और उसकी सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करता है तो यह केवल किसी व्यक्ति विशेष का सम्मान नहीं होता, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिभा, परिश्रम, संस्कृति और अस्मिता को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मन की बात” देश की सकारात्मक कहानियों, नवाचारों और प्रेरक व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जशपुर जिले के घुइटांगर गांव के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि का विशेष उल्लेख किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले अनिमेष आज प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि अनिमेष ने मात्र 10.15 सेकंड में 100 मीटर दौड़ पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है तथा राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई कर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या विशेष सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। यदि युवाओं में समर्पण, मेहनत और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता हो तो वे किसी भी मुकाम तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह से फोन पर बातचीत कर उनके संघर्ष और उपलब्धियों को देशवासियों के सामने रखा, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खेलों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना पर जोर देते हुए जो संदेश दिया है, वह देश की नई खेल संस्कृति को परिभाषित करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक नगर मल्हार में प्राप्त दुर्लभ ताम्र-पट्टिकाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक चेतना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल से जुड़ी हुई हैं और उस समय की शासन व्यवस्था, सामाजिक संरचना, धर्म तथा संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई यह ऐतिहासिक धरोहर छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से मल्हार का उल्लेख किए जाने से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और समाज में विरासत संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का मन की बात कार्यक्रम नए भारत की उस सोच को दर्शाता है, जहां प्रतिभा, परिश्रम, खेल भावना, संस्कृति और इतिहास सभी को समान सम्मान दिया जा रहा है। एक ओर जशपुर का युवा खिलाड़ी देश को नई गति देने का सपना साकार कर रहा है तो दूसरी ओर मल्हार की ऐतिहासिक धरोहर भारत के गौरवशाली अतीत की कहानी दुनिया तक पहुंचा रही है। यह छत्तीसगढ़ के लिए दोहरी उपलब्धि है, जिसने पूरे प्रदेश में आत्मगौरव, प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार किया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






