मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले को दी 739 करोड़ 38 लाख रुपए के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सुशासन तिहार के समाधान शिविर में 251 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा
दुर्ग ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को दुर्ग जिले के स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में जिले को 739 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 251 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास कर जिले के विकास को नई गति प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार का दायित्व है कि वह जनता के बीच पहुंचकर अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करे, उनकी समस्याएं सुने और समाधान सुनिश्चित करे। इसी सोच के साथ राज्य सरकार सुशासन तिहार के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि कुल 739 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत में 362 करोड़ 46 लाख रुपए के 98 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 376 करोड़ 92 लाख रुपए के 153 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना और प्रशासनिक सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मई से प्रारंभ हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सीधे प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। शिविर में युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस, मत्स्यपालकों को जाल, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और शीघ्र ही सभी आवासों का निर्माण पूर्ण कर हितग्राहियों को सौंपा जाएगा।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की माताओं और बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि अंतरित की जा रही है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास और आर्थिक स्थिति दोनों मजबूत हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के दंश से बाहर निकल रहा है और बस्तर क्षेत्र विकास, विश्वास और नए अवसरों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नेतानार सेवा डेरा का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां ग्रामीणों और आदिवासियों को स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। इसके साथ ही ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं, सीएम हेल्पलाइन, बिजली समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से नागरिकों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले दुर्ग जिले के विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यही युवा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की आधारशक्ति हैं।

उन्होंने दुर्ग में स्थापित आईटी पार्क को जिले के युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी अवसरों का नया केंद्र बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। वहीं नालंदा परिसर और छात्रावास निर्माण से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के भूमिपूजन को शहर की यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे पार्किंग की समस्या दूर होगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दुर्ग जिले को मिली 739 करोड़ रुपए से अधिक की विकास सौगात आने वाले वर्षों में विकास का नया अध्याय लिखेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वामित्व योजना, लखपति दीदी, आयुष्मान भारत, महिला कोष ऋण योजना, आदिवासी छात्र प्रोत्साहन योजना और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक श्री ईश्वर साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, संभागायुक्त श्री एस.एन. राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






