नशेड़ी वाहन चालकों पर यातायात पुलिस का शिकंजा, एक रात में 58 चालक पकड़े गए
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:-
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने विशेष अभियान जारी, इस वर्ष अब तक 3356 शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक 3356 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
यातायात पुलिस द्वारा 28 मई की रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने जांच अभियान संचालित किया गया।

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए कुल 58 वाहन चालक पकड़े गए। इनमें 44 कार चालक, 5 मोटरसाइकिल चालक, 1 टाटा एस, 1 मेटाडोर, 3 ट्रक चालक, 1 माजदा, 1 ट्रैक्टर चालक, 1 ई-रिक्शा चालक तथा 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है तथा प्रकरणों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए नहीं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही ट्रैफिक संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि रायपुर में सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






