ओड़िशा को मिली एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 की मेजबानी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- स्वामी बिजया नंद जी महाराज – ओड़िशा ब्यूरो
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का बड़ा केंद्र बन रहा ओड़िशा, मुख्यमंत्री मोहन माझी ने जताई खुशी
भुवनेश्वर ACGN:- ओड़िशा ने खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2027 की एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी अपने नाम कर ली है। यह महत्वपूर्ण निर्णय बुधवार को हांगकांग में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स परिषद की बैठक में लिया गया। इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से ओड़िशा के साथ-साथ पूरे देश में खुशी का माहौल है।

मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी ने इस उपलब्धि पर भारतीय एथलेटिक्स समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि यह ओड़िशा और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि लगातार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी मिलने से ओड़िशा की पहचान वैश्विक खेल मानचित्र पर और मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और इसी का परिणाम है कि ओड़िशा को एक के बाद एक बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी मिल रही है। उन्होंने इसे वैश्विक खेल जगत में ओड़िशा के मुकुट में जुड़ा एक और चमकदार सितारा बताया।
जानकारी के अनुसार, एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 के अलावा चंडीगढ़ को वर्ष 2028 की एशियाई रिले चैंपियनशिप की मेजबानी भी सौंपी गई है। वहीं ओड़िशा को पहले ही वर्ष 2028 की विश्व इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी का गौरव प्राप्त हो चुका है।

विश्व स्तरीय यह प्रतियोगिता भुवनेश्वर के अत्याधुनिक कलिंग स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी से ओड़िशा अब केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर, जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






