उप निर्वाचन के लिए 1 जून को रहेगा अवकाश, मतदान वाले क्षेत्रों में कलेक्टर ने जारी किया आदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने प्रशासन का फैसला, नगरीय निकाय और पंचायत उप निर्वाचन के लिए तैयारी पूरी
कोरबा ACGN:- नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के जिन क्षेत्रों में 1 जून को मतदान होना है, वहां मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार 1 जून 2026, सोमवार को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक और सामान्य अवकाश प्रभावी रहेगा। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, भारत सरकार गृह मंत्रालय की अधिसूचनाओं तथा परिक्राम्य लिखित अधिनियम 1881 की धारा 25 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी किया गया है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप निर्वाचन के तहत जिले में कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें सरपंच का 1 पद, पंच के 6 पद, पार्षद का 1 पद तथा जनपद पंचायत सदस्य के 3 पद शामिल हैं।
नगरीय निकाय उप निर्वाचन के अंतर्गत नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए मतदान होगा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत करतला विकासखंड के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24, पाली के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 15 तथा पोड़ी उपरोड़ा के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 में जनपद पंचायत सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
इसके अलावा करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जाएगा। पंच पदों के लिए विकासखंड कोरबा के ग्राम अखरापाली के वार्ड क्रमांक 9, रजगामार के वार्ड क्रमांक 1, करतला विकासखंड के ग्राम लबेद के वार्ड क्रमांक 4, बरकोना के वार्ड क्रमांक 3, कटघोरा विकासखंड के ग्राम कसईपाली के वार्ड क्रमांक 10 तथा झाबर के वार्ड क्रमांक 1 में मतदान संपन्न होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने कहा है कि अवकाश केवल उन्हीं निर्वाचन क्षेत्रों और वार्डों में लागू होगा जहां मतदान होना है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






