ऑपरेशन आघात का असर, नाबालिगों को नशा बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार, अवैध शराब पर भी बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
Writing
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
रायगढ़ पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त चेतावनी
रायगढ़ ACGN:- जिले में नशे के कारोबार और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जूटमिल और पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबारियों पर बड़ा प्रहार किया है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
जूटमिल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित एक किराना दुकान में नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमार कार्रवाई की। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि कुछ नाबालिग लड़के सोल्यूशन का नशा कर रहे थे, जो पुलिस को देखकर वहां से भाग निकले।
तलाशी के दौरान दुकान से मैक्सो बॉन्ड एडहेसिव कंपनी के 50 एमएल के 13 नग तथा 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब बरामद किए गए। इसके साथ ही बिक्री से प्राप्त नकद राशि भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जानबूझकर नाबालिग बच्चों को अधिक कीमत पर सोल्यूशन बेचता था और उसे यह जानकारी थी कि बच्चे इसका उपयोग नशे के रूप में कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी संतोष वाधवानी निवासी पंचवटी नगर बोईरदादर, रायगढ़ के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं दूसरी ओर पूंजीपथरा पुलिस ने गेरवानी के केसर जंगल क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 22 लीटर महुआ शराब जब्त की और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन आघात” केवल एक अभियान नहीं बल्कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने की मुहिम है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नाबालिगों को नशे की ओर धकेलने वाले, अवैध शराब बेचने वाले तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की कार्रवाई और अधिक सख्ती से जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






