शराब पार्टी में विवाद बना हत्या की वजह, खरसिया पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाई किशोर हत्याकांड की गुत्थी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
बरगद के पेड़ के नीचे मिला था किशोर का शव, तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में मिले किशोर के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपियों ने किशोर की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली और बाद में शव को छिपाकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार 25 मई को खरसिया पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार क्षेत्र में स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का एक युवक किशोर को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर काम कराने के लिए ले गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन सभी युवक एक साथ खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मिलकर किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को उठाकर बरगद के पेड़ के नीचे रख दिया और लोगों को गुमराह करने के लिए उसे दुर्घटना जैसा दिखाने का प्रयास किया।
खरसिया पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम बयान और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मामले में हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने इस मामले में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना और रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव, थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस की अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है और कानून से बचने की कोशिश करने वालों को हर हाल में न्याय के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






