चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट करना पड़ा भारी, चालक पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सोशल मीडिया और सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी के खिलाफ कोनी पुलिस की कार्रवाई, लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप
बिलासपुर ACGN:- सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी कर खुद के साथ-साथ अन्य लोगों की जान जोखिम में डालना एक कार चालक को महंगा पड़ गया। थाना कोनी पुलिस ने चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 मई की रात से 25 मई की मध्यरात्रि के बीच मौहारपारा निरतू रतनपुर-रायपुर मार्ग पर एक आर्टिका कार चालक बेहद तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंट करते हुए वाहन चलाया, जिससे उसकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह स्टंट केवल कार में बैठी युवती के लिए ही नहीं बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। कार चालक की इस लापरवाही से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी।
शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 के चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा वाहन चालक की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करती है। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी भी प्रकार की खतरनाक स्टंटबाजी से बचें। थोड़े से रोमांच या दिखावे के लिए किया गया ऐसा कृत्य किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है और कानूनी कार्रवाई भी झेलनी पड़ सकती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






