बिजली कटौती से भड़के व्यापारी, चेम्बर ने बिजली विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय से नदारद मिले, व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपकर जताया कड़ा रोष
कोरबा ACGN:- भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और लचर विद्युत व्यवस्था को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को तुलसी नगर स्थित बिजली विभाग के जोन कार्यालय पहुंचकर विभाग के उच्च अधिकारियों को महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय पहुंचने पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं मिला। अधिकारियों की कुर्सियां खाली मिलने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई और मौजूद जूनियर इंजीनियर व कर्मचारियों को अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि शहर में प्रतिदिन कई बार घंटों बिजली गुल रहने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक के व्यावसायिक समय में तीन से चार बार बिजली बंद होना सामान्य बात बन गई है। भीषण गर्मी में एसी, कूलर और पंखों पर निर्भर लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कामकाज बाधित होने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है।
चेम्बर पदाधिकारियों ने बिजली विभाग को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 28 मई तक शहर में निर्बाध और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तथा लगातार हो रही आंखमिचौली बंद नहीं हुई तो जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और उसके अधिकारियों की होगी।
इस दौरान चेम्बर के उपाध्यक्ष मो. न्याज नूर आरबी, महामंत्री नरेंद्र अग्रवाल, आर.पी. तिवारी, मनोज अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, नरेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






