ठग ने खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए बताकर की ठगी, रायपुर पुलिस ने उड़ीसा से दबोचा आरोपी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनादि पांडेय
10 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला, खम्हारडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायपुर। खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का निजी सहायक (पीए) बताकर मंदिर सेवक से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने महज कुछ दिनों में उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना खम्हारडीह क्षेत्र का है, जहां प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में सेवा कार्य करने वाले प्रार्थी के मोबाइल पर 24 मई 2026 की रात एक कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताते हुए तत्काल पैसों की जरूरत बताई और मदद की मांग की।
आरोपी ने विश्वास में लेकर एक स्कैनर भेजा, जिस पर कामिनी बेहरा नाम प्रदर्शित हो रहा था। प्रार्थी ने भरोसा कर 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार और पैसों की मांग करने लगा। संदेह होने पर प्रार्थी ने अन्य लोगों से चर्चा की, तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच से उड़ीसा तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से थाना पंडरी एवं खम्हारडीह पुलिस के कुल छह सदस्यीय दल का गठन किया गया। मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सहदेव मलिक के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने उड़ीसा के पुरी जिले में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के लिए रायपुर लाया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सहदेव मलिक, पिता स्व. महानी मलिक, उम्र 35 वर्ष, निवासी तालदा, थाना अस्टरंगा, जिला पुरी (उड़ीसा)।
सवाल यह भी…
आखिर कोई व्यक्ति किसी बड़े नेता या अधिकारी का नाम लेकर लोगों को इतनी आसानी से कैसे ठग लेता है?
क्या आमजन अब भी बिना पुष्टि किए ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं?
साइबर ठगों के बदलते तरीकों से बचाव के लिए जागरूकता कितनी जरूरी है?
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा नेता, अधिकारी या सरकारी प्रतिनिधि बनकर पैसे मांगे जाने पर पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें और संदेह होने पर तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






