छत्तीसगढ़ में विकास परियोजनाओं को मिली बड़ी मंजूरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
नवा रायपुर में बनेंगे नए शासकीय भवन, रायपुर को मिलेगा आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 43 ई-बसों की सौगात
रायपुर, ACGN:- छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे और शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने कई बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की उच्च स्तरीय बैठक में करोड़ों रुपये की नवीन अधोसंरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इन योजनाओं के लागू होने से नवा रायपुर और रायपुर शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक शासकीय कार्यालयों और संयुक्त भवन निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई। महानदी भवन और इंद्रावती भवन स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के दूसरे और तीसरे तल पर नए कार्यालय बनाए जाएंगे, जिस पर लगभग 131 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं सेक्टर-24 में 171 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विशाल संयुक्त शासकीय भवन का निर्माण किया जाएगा।
राजधानी क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 223 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से 43 आधुनिक ई-बसें चलाने की योजना भी प्रस्तुत की गई। इनमें बैटरी ऑपरेटेड और एसी ई-बसें शामिल होंगी, जो नवा रायपुर आने-जाने वाले नागरिकों और कर्मचारियों को सुविधा प्रदान करेंगी।
रायपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 150 एमएलडी क्षमता का अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 186 करोड़ 14 लाख रुपये रखी गई है। इससे राजधानी में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
बैठक में वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






