साकेत भवन पहुंचीं महापौर, निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा | छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
स्वच्छता, फर्नीचर, कूलर और आमजन की सुविधाओं को लेकर महापौर संजू देवी राजपूत ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कोरबा | ACGN:- कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बुधवार को निगम मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों और शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति और नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती राजपूत ने निर्माण शाखा, स्थापना शाखा, लेखा शाखा, राजस्व विभाग, योजना शाखा, भवन निर्माण, संपदा शाखा, सम्पत्तिकर शाखा, स्वच्छता शाखा, जलकर विभाग, स्टेशनरी शाखा, जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग, कैश शाखा, विधि विभाग, जनसंपर्क शाखा, स्टोर एवं उद्यान शाखा, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर और परिषद शाखा सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अपर आयुक्त, उपायुक्त और अधीक्षण अभियंता कक्षों का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कई कार्यालयों में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जिस स्थान पर वे बैठकर कार्य करते हैं, वहां की साफ-सफाई और सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब निगम कर्मचारी पूरे शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं, तो कार्यालय परिसर भी उसी स्तर का दिखना चाहिए।

महापौर ने फाइलों और दस्तावेजों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे कार्य निष्पादन में सुविधा होगी और आवश्यक दस्तावेज समय पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य कराने, कुर्सी-टेबल सहित अन्य फर्नीचर उपलब्ध कराने और भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर लगाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों पर महापौर ने नाराजगी जताई और उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर श्रीमती राजपूत ने आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को संवेदनशील रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यों के लिए निगम कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाए तथा नागरिकों से सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
महापौर ने कहा कि निगम कार्यालय की बेहतर कार्यप्रणाली और सुव्यवस्थित वातावरण से आम जनता को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






