शराब के विवाद में बेटे ने ली पिता की जान, तिल्दा नेवरा में सनसनीखेज हत्या
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनादि पांडेय
घर में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
रायपुर/ACGN:- रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के तिल्दा नेवरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 25 मई 2026 की रात करीब 9 बजे तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04 की है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच घर में अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन करने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में संतू कोठारी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के उद्देश्य से घटनास्थल की साफ-सफाई की और मृतक को खाट पर लिटा दिया ताकि मामला सामान्य मृत्यु जैसा दिखाई दे।
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण तथा घटनास्थल निरीक्षण की कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र कोठारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू पिता संतोष कोठारी उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 04 तिल्दा नेवरा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






