कबाड़ गोदामों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ट्रांसपोर्ट नगर से बड़ी कोनी तक अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन गोदामों से हटाया गया बेजा कब्जा
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध कब्जे में संचालित कबाड़ गोदामों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, इलाके में मचा हड़कंप।
बिलासपुर ACGN:- शहर में अवैध कब्जे और कबाड़ कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ट्रांसपोर्ट नगर, बड़ी कोनी और चांटीडीह इलाके में संचालित कई कबाड़ गोदामों की जांच के दौरान तीन गोदाम अवैध कब्जे में संचालित पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।

प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास चकरभाठा क्षेत्र में संचालित पिंटू चौहान के कबाड़ी दुकान का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि गोदाम अवैध अतिक्रमण कर बनाया गया था। इसके बाद टीम ने मौके पर बुलडोजर चलाकर कब्जा हटवा दिया।

इसी तरह बड़ी कोनी क्षेत्र में संचालित मंसूर बेग के कबाड़ी दुकान की जांच की गई। दस्तावेजों का सत्यापन करने पर वहां भी बेजा कब्जा सामने आया

प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

तीसरी कार्रवाई चांटीडीह ईरानी मोहल्ला निवासी नानू साहू के कबाड़ गोदाम पर की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने पाया कि गोदाम बिना वैध अनुमति और कब्जे की जमीन पर संचालित किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटाकर जमीन को खाली कराया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कई सील कबाड़ गोदामों के दस्तावेजों की भी जांच की। जांच में तीन गोदाम अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए मिले, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि शहर में अवैध कब्जा, चोरी के कबाड़ का कारोबार और नियमों के खिलाफ संचालित गोदामों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कबाड़ कारोबारियों को वैध दस्तावेज रखने और नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






