नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

अम्बिकापुर, सरगुजा छत्तीसगढ़
“ओजस्वी सरगुजा” से मेधावी विद्यार्थियों को मिली नई उड़ान, NEET-JEE की तैयारी के लिए रायपुर रवाना
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- सौरभ साहू

55 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय कोचिंग, मंत्री राजेश अग्रवाल ने बसों को दिखाई हरी झंडी

सरगुजा ACGN:- जिले के मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से “ओजस्वी सरगुजा” योजना के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत और 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 चयनित विद्यार्थियों को NEET एवं JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर भेजा गया।

इन विद्यार्थियों को रायपुर स्थित प्रतिष्ठित “एलेन करियर इंस्टिट्यूट” में आवासीय कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पूरी योजना जिला खनिज संस्थान न्यास के वित्तीय सहयोग से संचालित की जा रही है।


सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों और पालकों को लेकर रायपुर जाने वाली तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरगुजा जिले के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि “ओजस्वी सरगुजा” जैसी दूरदर्शी योजना आज वास्तविक स्वरूप ले रही है, जो आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगी।


मंत्री श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिन बच्चों को NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भेजा जा रहा है, वही भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर और राष्ट्र निर्माता बनकर समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से पांच विद्यार्थियों का चयन होना सामाजिक परिवर्तन का मजबूत संदेश है। दूरस्थ वनांचल और सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।


उन्होंने बच्चों से कहा कि यह यात्रा केवल रायपुर तक की यात्रा नहीं है, बल्कि सपनों, संघर्षों और सफलता की यात्रा है। पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, शासन और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। मंत्री ने कहा कि बच्चों की सफलता से उनके पालकों, गुरुजनों और पूरे सरगुजा जिले को गर्व महसूस होगा। साथ ही उन्होंने एलेन प्रबंधन को पढ़ाई के साथ शैक्षणिक भ्रमण कराने के भी निर्देश दिए।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और सफल होकर सरगुजा जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


इस दौरान सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने “ओजस्वी सरगुजा” योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों का चयन कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया गया है। मेडिकल और इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को NEET और JEE 2028 की तैयारी के लिए चयनित किया गया है। चयन प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का पूर्ण पालन किया गया है।


उन्होंने बताया कि कुल 50 विद्यार्थियों का चयन जिला प्रशासन द्वारा किया गया है, जबकि विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 5 अतिरिक्त विद्यार्थियों को भी मेरिट के आधार पर शामिल किया गया है। इनमें 4 बालिकाएं NEET और 1 बालिका JEE की तैयारी करेगी। चयनित विद्यार्थियों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 32, पीवीटीजी के 5, अनुसूचित जाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 12 और सामान्य वर्ग के 2 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें 36 विद्यार्थी NEET तथा 19 विद्यार्थी JEE की तैयारी करेंगे।


कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि कोचिंग संस्थान का चयन “रुचि की अभिव्यक्ति (EOI)” प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें 6 संस्थानों में से “एलेन करियर इंस्टिट्यूट” का चयन किया गया। विद्यार्थियों के भोजन और आवास की व्यवस्था के लिए प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रतिमाह 7500 रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा, जनप्रतिनिधिगण, चयनित विद्यार्थी एवं उनके पालक उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now