पुलिसकर्मियों ने सीखी जिंदगी बचाने की तकनीक, मेडिकल कॉलेज में हुआ सीपीआर प्रशिक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए पुलिस जवानों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
रायगढ़ ACGN:- आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने और त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में पुलिसकर्मियों के लिए एकदिवसीय सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के तत्वावधान में ऑल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन यानी सीपीआर की तकनीक सिखाना था, ताकि सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, आगजनी, बाढ़ या अन्य आपात स्थितियों में घायल अथवा बेहोश लोगों को तुरंत प्राथमिक सहायता दी जा सके।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो डेमो के माध्यम से पुलिसकर्मियों को सीपीआर की आवश्यकता और उसकी सही प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टर गजेंद्र ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि कई बार दुर्घटना या अन्य कारणों से व्यक्ति का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो जाता है और वह बेहोश होकर प्रतिक्रिया देना बंद कर देता है। ऐसी स्थिति में सही तरीके से सीपीआर देने पर उसके शरीर में रक्त संचार को फिर से सक्रिय किया जा सकता है और उसकी जान बचाई जा सकती है।

डॉक्टरों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले पीड़ित को सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए और उसकी प्रतिक्रिया जांचनी चाहिए। इसके बाद तुरंत 108 और 112 पर कॉल कर मेडिकल सहायता बुलानी चाहिए। मेडिकल टीम के पहुंचने तक सही तकनीक से सीपीआर देकर पीड़ित व्यक्ति को जीवनदान देने का प्रयास किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना संबंधी वीडियो दिखाकर सीपीआर देने की प्रक्रिया का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्वयं प्रायोगिक अभ्यास करते हुए सीपीआर देने की तकनीक सीखी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल जवानों ने इसे बेहद उपयोगी और जनसेवा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए डॉक्टर प्रभात पटेल और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आरआई अमित सिंह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






