ऑपरेशन “आघात” के तहत अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
भूपदेवपुर, पुसौर और लैलूंगा में 31 लीटर से अधिक शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ ACGN :- रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 31.155 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चारभांठा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-49 किनारे पान ठेले में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी दामोदर चौहान के घर और पान ठेले से 15.155 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में हंटर बीयर, मेडुसा बीयर, गोवा स्पेशल व्हिस्की और यूनिक देशी मदिरा शामिल है। पुलिस ने आरोपी दामोदर चौहान पिता बैसाखु चौहान उम्र 62 वर्ष निवासी चारभांठा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश जारी है।
इसी तरह पुसौर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तडोला चौक के पास एक व्यक्ति हाथ भट्ठी महुआ शराब बेच रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नरेश भाष्कर पिता सीताराम भाष्कर उम्र 34 वर्ष निवासी तडोला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से छह लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
वहीं लैलूंगा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम माड़ो जंगल पगडंडी मार्ग में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान सफेद झोला लेकर जा रहे शनिराम पैंकरा पिता स्वर्गीय पैयराम पैंकरा उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम माड़ो को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो जरीकेन में कुल 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया।
तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” के तहत आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






