निगरानी बदमाश भुरू पठान लूटपाट के मामले में गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
मजदूर से मारपीट कर नकदी छीनने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
रायगढ़ ACGN :- रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले के निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में घरघोड़ा पुलिस ने निगरानी बदमाश मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान को लूटपाट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर मजदूर से मारपीट कर नकदी छीनने और मोबाइल तोड़ने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दोबारा गांव लौटकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो रहा है। मामले में ग्राम कपाटबहरी थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर निवासी अरुण कुमार एक्का ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार 21 अक्टूबर 2025 की रात करीब साढ़े आठ बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अरुण कुमार एक्का अपने पिकअप वाहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान गुप्ता होटल के पास पीछे से आए मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान ने उसके साथ मारपीट की और नशा करने के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने शर्ट की जेब से जबरन पांच सौ रुपये छीन लिए और मोबाइल छीनने की कोशिश की। छीना-झपटी के दौरान मोबाइल नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान आरोपी के गांव में होने की सूचना पर पुलिस टीम ने रात में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने लूटपाट की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी से लूट की शेष रकम भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान पिता समीम खान उम्र 30 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 2 ब्लॉक कॉलोनी घरघोड़ा जिला रायगढ़ को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2008 में चोरी और वर्ष 2010 में लूटपाट के मामले में वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण वर्ष 2015 में उसे जिला बदर भी किया गया था।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुमार गौरव, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक उद्धव पटेल, हरीश पटेल, मनोज जोल्हे, महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार एवं संपत्ति भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध में दोबारा संलिप्त पाए जाने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






