पुहपुटरा समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, सुशासन तिहार बना भरोसे का मंच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अम्बिकापुर, सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
मंत्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, 18 पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
अम्बिकापुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और जनकल्याण की सोच को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत पुहपुटरा क्लस्टर में विशाल समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 18 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की योजनाओं तथा जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। शिविर में लोगों का भरोसा और सरकार के प्रति विश्वास साफ तौर पर देखने को मिला।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री तथा अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

समाधान शिविर में कुल 824 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 770 मांग संबंधी और 54 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु सौंप दिया गया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और गांव स्तर पर ही समाधान उपलब्ध हो सके।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही सुशासन की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं है बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी बन रहा है। राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड और टीबी मुक्त सरगुजा अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण किया। आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड के लिए विशेष शिविर लगाए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत लगाए गए “आकांक्षा हाट” ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसकी ग्रामीणों और अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 50 हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को खुशियों की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।

शिविर में जनपद अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, एसडीएम रामराज सिंह, तहसीलदार अमन चतुर्वेदी, जनपद पंचायत सीईओ प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






