डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा का भव्य शुभारंभ, 54 नए इमरजेंसी वाहन रवाना
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
एकीकृत आपात सेवा मॉडल से पूरे प्रदेश में 10 मिनट से कम रिस्पॉन्स टाइम का लक्ष्य
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को अधिक तेज, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आज रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में “डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन” सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर 54 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों (ERV) को रवाना किया।

कार्यक्रम में रायपुर (पश्चिम) विधायक राजेश मूणत, रायपुर (उत्तर) विधायक पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, रायपुर महापौर मीनल चौबे, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि डायल-112 सेवा का विस्तार अब छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में किया जा चुका है, जिससे पूरे राज्य में आपातकालीन सेवाएं एकीकृत प्रणाली के तहत उपलब्ध होंगी।


रायपुर जिले के लिए 33 ERV और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 21 ERV सहित कुल 54 वाहन तैनात किए गए हैं, साथ ही राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर त्वरित सहायता के लिए 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी शामिल किए गए हैं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले यह सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, जिसे अब पूरे राज्य में विस्तारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी वाहन जीपीएस आधारित ट्रैकिंग सिस्टम, स्मार्ट कंट्रोल, कॉल रिकॉर्डिंग और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं, जिससे सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।


उन्होंने डायल-112 का लक्ष्य रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट से कम रखने का बताया और इस परियोजना में सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय का आभार भी व्यक्त किया।


इस नई व्यवस्था को “एक नंबर – सबकी मदद” के रूप में लागू किया गया है, जिसके तहत नागरिकों को अब पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन 1091, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सभी सेवाओं के लिए केवल 112 नंबर डायल करना होगा।

कार्यक्रम के अंत में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 सेवा का उपयोग करें, क्योंकि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए 24 घंटे पूरी तरह से तत्पर है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






