विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एजेंसियों को किया जाएगा ब्लैकलिस्ट: उद्योग मंत्री
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
टी.पी. नगर और कोरबा जोन के कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध निर्माण और नागरिक सुविधाओं पर जोर
कोरबा में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो निर्माण एजेंसियां समय पर कार्य प्रारंभ नहीं करतीं या उदासीनता दिखाती हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए, ताकि शहर के विकास कार्य प्रभावित न हों और नागरिकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
टी.पी. नगर और कोरबा जोन के विभिन्न वार्डों में चल रहे 175 विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सीसी रोड, नाली-नाला निर्माण, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी, स्कूल भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपूर्ण और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि यदि किसी कार्य में मैदानी स्तर पर समस्या आती है तो उसे निरस्त करने के बजाय समाधान के लिए उच्च स्तर पर जानकारी दी जाए, ताकि कार्य समय पर पूर्ण हो सके। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि निगम के सभी वार्डों में बिना भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य किए जाएं और वार्डवासियों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं बनाई जाएं। साथ ही जोन स्तर पर पार्षदों के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अमृत मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। हितग्राहियों को समय पर लाभ और पेंशन योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






