“ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता, 251 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता संजय जेठवानी
अप्रैल में 36 नाबालिग सकुशल बरामद, कई राज्यों से खोजकर लाई गई सुरक्षित वापसी
रायगढ़ ACGN:-गुम इंसानों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 251 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। इनमें 36 नाबालिग और 215 वयस्क शामिल हैं। इस कार्रवाई से कई बिछड़े परिवारों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
अभियान के दौरान नाबालिगों से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीमों ने जिले के साथ-साथ अन्य राज्यों और जिलों में भी सक्रिय रूप से तलाश अभियान चलाया। दिल्ली, पंजाब के जालंधर, अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर जैसे स्थानों तक पहुंचकर बच्चों को सकुशल वापस लाया गया। जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने या शोषण की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों ने इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। थाना लैलूंगा ने सर्वाधिक 42 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला, जबकि चक्रधरनगर ने 29, जूटमिल ने 27, पूंजीपथरा ने 24 और कोतवाली व पुसौर ने 23-23 मामलों में सफलता प्राप्त की। भूपदेवपुर थाना का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा, जहां दर्ज सभी नाबालिगों को खोज निकाला गया।

अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई। जूटमिल पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को चंद्रपुर से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं एक अन्य मामले में जालंधर से बालिका को सुरक्षित वापस लाया गया। पूंजीपथरा पुलिस ने अंबिकापुर से बालिका को खोज निकाला, जबकि कोतवाली पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर डभरा से गुम बालिका को दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस पूरी कार्रवाई का संचालन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी एवं अनुविभागीय अधिकारियों की सतत निगरानी रही।
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि गुम नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और सोशल संपर्कों पर नजर रखें। साथ ही चेतावनी दी कि बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने या उनका शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






