जनसंवाद से जनविश्वास तक: ‘सुशासन तिहार’ में उभरता संवेदनशील और सहभागी शासन मॉडल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़,
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेशव्यापी दौरे में जमीनी हकीकत, मानवीय संवेदना और उत्तरदायी प्रशासन की मजबूत तस्वीर
रायपुर ACGN:- लोकतंत्र की असली ताकत केवल नीतियों और घोषणाओं में नहीं, बल्कि उस भरोसे में होती है जो आम नागरिक शासन पर करता है। छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से यही भरोसा मजबूत करने का एक व्यापक और प्रभावी प्रयास दिखाई दे रहा है। 1 मई से 10 जून तक चलने वाला यह 40 दिवसीय अभियान प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाकर शासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को सशक्त बना रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह अभियान एक सामान्य सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़कर जनसरोकारों से जुड़ा एक जीवंत जनांदोलन बनता नजर आ रहा है। रायपुर से प्रारंभ हुआ यह दौरा जशपुर के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़, भैंसामुड़ा और सरगुजा के सिलमा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री ने स्वयं उपस्थित होकर न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की, बल्कि आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा।

इस अभियान के दौरान सामने आए कई दृश्य शासन के मानवीय स्वरूप को उजागर करते हैं। भैंसामुड़ा में एक चार वर्षीय बालिका को गोद में उठाकर उसका हौसला बढ़ाना, उसके सपनों को सुनकर उसे आशीर्वाद देना, यह केवल एक भावनात्मक क्षण नहीं था,



बल्कि यह संदेश था कि शासन का केंद्र आम नागरिक, विशेषकर नई पीढ़ी है। इसी तरह बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाना यह दर्शाता है कि नेतृत्व केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि प्रेरणादायी भी होना चाहिए।

‘सुशासन तिहार’ के दौरान ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की छोटी-सी किराना दुकान पर मुख्यमंत्री का अचानक पहुंचना और उनसे आत्मीय संवाद करना, आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को जमीनी स्तर पर साकार होते हुए दिखाता है। मुद्रा योजना से शुरू हुई यह दुकान आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रतीक बन चुकी है। मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं सामान खरीदकर उसका मूल्य चुकाना यह संकेत देता है कि श्रम और स्वाभिमान का सम्मान शासन की प्राथमिकता है।


इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन घरों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं श्रमदान करना एक अत्यंत प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया।


यह दृश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं था, बल्कि यह दर्शाता है कि शासन का नेतृत्व भी विकास की प्रक्रिया में सहभागी बन सकता है। हितग्राहियों के साथ सीधा संवाद और उनकी समस्याओं को समझने का यह तरीका प्रशासनिक कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।


चंदागढ़ में बरगद की छांव में आयोजित जनचौपाल और सरगुजा के सिलमा गांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद करना, शासन की सादगी और पहुंच को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इन जनचौपालों में राशन, पेयजल, बिजली, आवास, शिक्षा और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। इससे न केवल समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है, बल्कि लोगों के मन में यह विश्वास भी बढ़ रहा है कि उनकी आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है।

इस अभियान का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि इसमें केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे ‘लोगों की सुनें, उन्हें सुनाएं नहीं’ की भावना के साथ कार्य करें। यह दृष्टिकोण प्रशासनिक व्यवहार में संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व को बढ़ावा दे रहा है।

‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उनका लाभ समय पर मिले। यह पहल ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को कम करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है।


निस्संदेह, इस अभियान की सफलता उसके दीर्घकालिक प्रभाव और निरंतरता पर निर्भर करेगी, लेकिन वर्तमान स्वरूप में यह एक ऐसे शासन मॉडल का संकेत दे रहा है, जहां संवाद, सहभागिता और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जा रही है। यह केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है।

‘सुशासन तिहार’ छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई परिभाषा गढ़ रहा हैजहां योजनाएं कागजों से निकलकर लोगों के जीवन में परिवर्तन ला रही हैं, और जहां शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु और अधिक मजबूत हो रहा है।
प्रदीप मिश्रा (संपादक)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






