शातिर चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 10 वारदातों का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालाघाट, मध्यप्रदेश
By ACGN | 7647981711, 9303948009
25 लाख का मशरूका बरामद, 407 वाहन व स्कॉर्पियो भी जब्त; गांवों में रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 25 लाख रुपए का चोरी किया गया मशरूका बरामद किया है। साथ ही चोरी में उपयोग किए गए दो 407 वाहन और एक स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 10 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। यह गिरोह पहले गांवों में रेकी कर सुनसान मकान, गोदाम और खेतों को चिन्हित करता था और फिर रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम देकर माल को 407 और स्कॉर्पियो जैसे वाहनों से अन्य स्थानों पर खपाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 170 बोरी धान, 20 बोरी चावल, 22 बोरी सरसों के साथ-साथ करीब 2 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त वाहनों में 407 वाहन क्रमांक एमपी 22 जी 2448, एमएच सीएच 1503 और स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 28 बीडी 2225 शामिल हैं।

इस पूरे मामले का खुलासा ग्राम कोसते में सरसों चोरी की घटना से हुआ। 19 अप्रैल 2026 को ग्राम कोसते निवासी शिव प्रसाद चौहान ने खेत स्थित मकान का ताला तोड़कर सरसों चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज सहित कई संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन प्रारंभिक तौर पर सफलता नहीं मिली।
इसके बाद एसडीओपी के निर्देशन में थाना प्रभारी पवन यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने महज तीन दिनों की कड़ी मेहनत के बाद 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारासिवनी, रामपायली और कटंगी थाना क्षेत्रों में 10 चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 341(4), 305(ए), 317(4), 38(1)(ग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी वारासिवनी क्षेत्र के निवासी हैं, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इनमें से 2 आरोपी पहले से ही जेल में निरुद्ध बताए गए हैं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते है निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरे
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






