100 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ, पशुपालन और मत्स्य क्षेत्र को मिली नई गति
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पशु चिकित्सा, डेयरी और मत्स्य विकास के लिए की बड़ी घोषणाएं, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर ओड़िशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पशुधन, पशु स्वास्थ्य और मत्स्य क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 76 पशु चिकित्सालयों और 4 पशु सहायता केंद्रों के नए भवनों का उद्घाटन किया। साथ ही 177 करोड़ रुपये की लागत से 219 नए पशु चिकित्सालयों और रोग निदान प्रयोगशालाओं के निर्माण हेतु विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के साथ समझौता किया गया।
इसी क्रम में कटक के फूलनखरा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक राज्य स्तरीय मॉलिक्युलर लैब स्थापित करने की घोषणा की गई। पशु आहार की गुणवत्ता जांच के लिए 6 करोड़ रुपये की खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
कार्यक्रम में ऑपलफेड के 50 वर्ष पूर्ण होने पर ब्राउन अंडे और देशी असील चिकन के विपणन केंद्र का शुभारंभ किया गया, जिससे पोल्ट्री किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जताई गई।

मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए भद्रक जिले के कसिया में 50 करोड़ रुपये की लागत से मछली अवतरण केंद्र तथा धमारा मछली पकड़ने के बंदरगाह के उन्नयन कार्य का भी उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि पशु चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल पारंपरिक खेती पर्याप्त नहीं है, बल्कि डेयरी, मत्स्य पालन, पोल्ट्री और बकरी पालन जैसे सहायक क्षेत्रों को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री कामधेनु योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि 1,423 करोड़ रुपये की इस योजना से अगले पांच वर्षों में 15 लाख से अधिक पशुपालक लाभान्वित होंगे। वहीं मुख्यमंत्री पशु कल्याण योजना के तहत 33 करोड़ रुपये तथा प्राणीसंपदा समृद्धि योजना के अंतर्गत 1,031 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर सरकार ने पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रदीप मिश्रा :- देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते है निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरे

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






