विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, बचाव और समय पर इलाज पर जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
स्वास्थ्य विभाग ने दी चेतावनी, मच्छरों से फैलने वाली बीमारी से बचाव ही सबसे बड़ा उपाय, लक्षण दिखते ही जांच कराएं
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर 25 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंडों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों को मलेरिया से बचाव, रोकथाम और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया नियंत्रण के लिए किए गए कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा भी की गई, जिसमें विभागीय अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो मच्छरों के काटने से फैलती है और हर वर्ष कई लोगों की जान ले लेती है। उन्होंने बताया कि यह बीमारी मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से होती है, जो विशेष रूप से बारिश के मौसम और नम वातावरण में तेजी से पनपता है। ऐसे में सावधानी और रोकथाम ही इस बीमारी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने बताया कि मलेरिया के सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, कंपकंपी, ठंड लगना और सिरदर्द शामिल हैं, जबकि गंभीर स्थिति में थकान, भ्रम, दौरे और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। बच्चों, गर्भवती महिलाओं, पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों, यात्रियों तथा एचआईवी या एड्स से पीड़ित लोगों में इस बीमारी का खतरा अधिक होता है।
डॉ. केशरी ने बताया कि कई बार मलेरिया के शुरुआती लक्षण सामान्य बुखार जैसे लगते हैं, जिससे इसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। यदि समय पर उपचार नहीं किया जाए तो पी. फाल्सीपेरम मलेरिया 24 घंटे के भीतर गंभीर रूप ले सकता है और जानलेवा भी हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि संक्रमित रक्त या दूषित सुई के माध्यम से भी यह बीमारी फैल सकती है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मच्छरों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और मच्छरदानी व अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करें। साथ ही यदि मलेरिया के कोई भी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में मलेरिया रोधी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने इस अवसर पर लोगों को यह संदेश दिया कि जागरूकता, सावधानी और समय पर इलाज के माध्यम से मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी रूप से बचाव संभव है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






