न्यू एज मीडिया में दक्ष बनें जनसंपर्क अधिकारी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश : आयुक्त रजत बंसल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सुशासन तिहार के प्रचार-प्रसार में सभी माध्यमों के प्रभावी उपयोग और अधिकारियों के कार्यों का परिणाम आधारित मूल्यांकन होगा
रायपुर 24 अप्रैल 2026/ नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में आयोजित जनसंपर्क संचालनालय और जिला जनसंपर्क अधिकारियों की बैठक में जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में प्रभावी जनसंपर्क के लिए अधिकारियों को न्यू एज मीडिया की सभी विधाओं में दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक और संचार के आधुनिक माध्यमों को अपनाकर ही शासन की योजनाओं को आमजन तक तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
आयुक्त ने कहा कि जनसंपर्क का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है और इसे पूरी गंभीरता के साथ निभाना आवश्यक है क्योंकि जनसंपर्क अधिकारी शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी के कार्य का मूल्यांकन उसके परिणाम के आधार पर किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों के साथ सतत संपर्क और समन्वय बनाए रखें ताकि सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रचार-प्रसार किया जा सके।
आयुक्त ने आगामी एक मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाए ताकि अन्य लोग भी प्रेरित होकर योजनाओं का लाभ ले सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है ताकि शासन की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचे। बैठक में प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए, जिससे स्पष्ट संकेत दिया गया कि कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और श्रीमती हर्षा पौराणिक सहित संचालनालय और विभिन्न जिलों के जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






