एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान बना बेटियों के लिए सुरक्षा कवच, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की मजबूत पहल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जिले में निःशुल्क टीकाकरण जारी, 14 वर्ष की किशोरियों को मिलेगा लाभ, अभिभावकों से आगे आने की अपील
कोरबा 24 अप्रैल 2026/ जिले में महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में यह अभियान 17 मार्च 2026 से शुरू किया गया है, जिसके तहत पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।
यह टीकाकरण स्वामी बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल कोरबा, रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, पाली, करतला और पोंड़ी उपरोड़ा सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में किया जा रहा है। यह वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले संक्रमण और उससे उत्पन्न सर्वाइकल कैंसर के प्रभावी बचाव के लिए अत्यंत कारगर मानी जाती है, जो महिलाओं में कैंसर से होने वाली मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि वे किशोरियां जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है लेकिन 15 वर्ष की आयु में प्रवेश नहीं किया है, इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं पाए गए हैं। समय पर टीकाकरण से भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि यह टीका राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है और टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीयन यू-विन पोर्टल पर किया जा रहा है, साथ ही उन्हें डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों के उज्ज्वल, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि आने वाले समय में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






