तखतपुर में सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 2 सटोरिये गिरफ्तार, 1.85 लाख नकदी जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नया बस स्टैंड के पास चल रहा था अवैध सट्टा, पुलिस की रेड में मोबाइल व सट्टा पर्ची बरामद, संगठित अपराध में भेजे गए जेल
बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सट्टा पर्ची और 1 लाख 85 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर थाना पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए थी।

दिनांक 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तखतपुर नया बस स्टैंड स्थित वेलकम गेट के पास कुछ लोग सट्टा पट्टी के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
रेड के दौरान आरोपी अभिषेक सिंह ठाकुर (35 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली को रंगे हाथों सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, 1,85,000 रुपये नगद और सट्टा नंबर दर्ज पेन-कॉपी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अस्मित गुप्ता (22 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली के साथ मिलकर सट्टा कारोबार संचालित करना स्वीकार किया, जिसके आधार पर दूसरे आरोपी को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में संगठित रूप से सट्टा संचालन करने के तथ्य सामने आने पर संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक रमेश कुमार ओरके, आरक्षक ओंकार राजपूत, कलेश्वर यादव, संतोष पोर्ते, राजकुमार, हरिश यादव और नरेश निराला की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक मजबूत संदेश गया है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों के प्रति समर्पित, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






