खुरसुनी शिविर में समाधान की मिसाल, 929 आवेदनों का मौके पर निराकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
जनसमस्या निवारण शिविर में योजनाओं की सौगात, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की सक्रिय भागीदारी
बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुरसुनी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर अंचलवासियों के लिए सौगातों से भरा साबित हुआ जहां शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को सीधे मौके पर प्रदान किया गया और कुल 929 आवेदनों का त्वरित निराकरण कर प्रशासन ने संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया।
शिविर में विधायक कुंवर सिंह निषाद, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वामित्व योजना के तहत 461 हितग्राहियों को अधिकार पत्र, रोजगार गारंटी योजना के तहत 30 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए गए।

कृषि, मछली पालन और आजीविका मिशन के माध्यम से किसानों और महिला समूहों को भी प्रोत्साहन प्रदान किया गया वहीं सांस्कृतिक मंडलियों को स्वेच्छा अनुदान दिया गया। शिविर में अन्नप्राशन और गोदभराई जैसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर जनकल्याण को मानवीय स्पर्श भी दिया गया।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। वहीं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी 929 आवेदनों का मौके पर निराकरण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की और जल संरक्षण, कृषि विविधीकरण तथा सोलर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

शिविर में पेयजल, बिजली और निस्तारी से जुड़े मामलों की अधिक संख्या सामने आई जिस पर कलेक्टर ने जल संरक्षण को भविष्य की प्राथमिकता बताते हुए किसानों को दलहन-तिलहन फसलों की ओर रुख करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने आगामी समय में जलाशयों की मरम्मत और विद्युत समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में एडीशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए जबकि अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर ने न केवल समस्याओं के त्वरित समाधान का उदाहरण प्रस्तुत किया बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






