वनांचल में विकास की नई रोशनी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर के दर्जनों टोलों के विद्युतीकरण को मंजूरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
सूरजपुर। विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विकास को नई गति दी जा रही है। इसी क्रम में लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से सूरजपुर जिले के वनांचल क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल को मंजूरी मिली है।
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों और आश्रित टोलों में विद्युतीकरण के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा तकनीकी स्वीकृति देते हुए कार्य आदेश जारी कर दिए गए हैं।
दर्जनों गांवों में पहुंचेगी बिजली
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर कोल्हुआ, महुली, करोटी और चोंगा सहित कई ग्राम पंचायतों के विभिन्न टोलों में विद्युतीकरण कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके अंतर्गत स्कूलपारा, हरिजनपारा, पांडोपारा, खासपारा, पहाड़पारा, मधवानीपारा, आमपारा और श्यामपारा जैसे क्षेत्रों में पहली बार नियमित बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा कछवारी, खैरा, नवडीहा और कछिया जैसे अन्य क्षेत्रों को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी को लाभ मिलेगा।
तीन माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ होने के तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सूरजपुर के कार्यपालन अभियंता को सौंपी गई है, ताकि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामीणों की पुरानी मांग हुई पूरी
वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की यह लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस विषय को प्राथमिकता देते हुए विभागीय स्तर पर लगातार समन्वय किया, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये की लागत से 28 से अधिक विद्युतीकरण कार्यों को मंजूरी मिली है।
इस पहल से न केवल घरों में रोशनी पहुंचेगी, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, छोटे व्यवसाय और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है।
📰 प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय ✍️
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






