नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर भाजपा का आक्रोश, कांग्रेस का पुतला दहन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने किया जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का आरोप
कोरबा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने जिले में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में तैंतीस प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से यह ऐतिहासिक अधिनियम लाया गया था, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को बाधित करने का काम किया है।
नगर पालिका निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाने वाला कदम था, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर मातृशक्ति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है और उनके सशक्तिकरण की बात केवल दिखावे के लिए करती है।

भाजपा प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में समान भागीदारी देने के उद्देश्य से यह विधेयक लाया था, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने महिला विरोधी चरित्र को उजागर करते हुए इसका विरोध किया।

वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, रक्षा और अन्य कई क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं और देश के विकास को गति दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जैसी पार्टियों को महिलाओं का आगे बढ़ना स्वीकार नहीं है और वे महिलाओं के अधिकारों को रोकने का प्रयास कर रही हैं।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के महिला विरोधी रवैये से देश की मातृशक्ति आहत और नाराज है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों और सम्मान की रक्षा की है और उन्हें उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम किया है।
इस आक्रोश प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, महापौर संजू देवी राजपूत, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, महिला मोर्चा जिला महामंत्री अनुसुईया राठौर, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मोंटी पटेल और तुषार साहू सहित जिले के चौबीस मंडलों से आए महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






